चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में गुजरात पुलिस देश में तीसरे स्थान पर
चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में गुजरात पुलिस देश में तीसरे स्थान पर
गांधीनगर, 30 अप्रैल (भाषा) गुजरात पुलिस ने चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के मामले में भारत के प्रमुख राज्यों में तीसरा स्थान हासिल किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य पुलिस ने 53,564 मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गुजरात का शानदार प्रदर्शन राज्य पुलिस और दूरसंचार विभाग के बीच प्रभावी समन्वय को दर्शाता है।
पूरे भारत में 50,48,516 से अधिक मोबाइल ब्लॉक किए गए हैं, जिनमें से 1,83,985 गुजरात में हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मोबाइल पुन: प्राप्त करने की दर 32.6 प्रतिशत है।
दूरसंचार विभाग द्वारा कार्यान्वित ‘सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर’ (सीईआईआर) प्रणाली देशभर के दूरसंचार नेटवर्क पर खोए या चोरी हुए मोबाइल उपकरणों को ब्लॉक करने और उन्हें पुनः प्राप्त करने में सक्षम बनाती है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘देश के प्रमुख राज्यों में चोरी हुए मोबाइल बरामद करने में गुजरात पुलिस तीसरे स्थान पर रही। उन्होंने 53,564 मोबाइल उनके मूल मालिकों को वापस दिलाए, जिसमें बरामदगी दर 46.71 प्रतिशत रही।’’
विज्ञप्ति के अनुसार, सीईआईआर रैंकिंग के अनुसार अहमदाबाद शहर ने ब्लॉक किए जाने के 25,500 अनुरोधों के बाद इसमें से 4,935 मोबाइल पुन: प्राप्त किए और 56.7 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि डांग जिले ने 54.89 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और भावनगर जिला 53.44 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के मद्देनजर गुजरात के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक डॉ. के.एल.एन. राव ने बृहस्पतिवार को इन जिलों के नोडल अधिकारियों को सम्मानित किया।
भाषा यासिर संतोष
संतोष

Facebook


