गुरुग्राम, 20 अप्रैल (भाषा) डेटिंग ऐप के जरिये मिली एक महिला के साथ बलात्कार करने के आरोप में एक शादीशुदा व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सौरभ नाम के व्यक्ति से महिला की जनवरी में एक ऐप के जरिये मुलाकात हुई थी। उसने कथित तौर पर दावा किया था कि वह अविवाहित है और महिला से शादी करने का वादा करके उसके साथ नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि महिला को जब यह पता चला कि सौरभ शादीशुदा है तो उसने डीएलएफ फेज-तीन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद 19 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बाद में प्राथमिकी दर्ज की और पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान निवासी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। वह फिलहाल गुरुग्राम के बेगमपुर खटोला स्थित सेक्टर-71 में रहता है।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आरोपी गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उसने ‘बम्बल ऐप’ के जरिये शिकायतकर्ता से दोस्ती की। शादीशुदा होने के बावजूद उसने शादी का झूठा वादा करके शिकायतकर्ता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश