गुरुग्राम, 10 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र के हेली मंडी में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल में 20 वर्षीय युवक मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के ललितपुर निवासी रवि के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रतीत होता है कि किसी भारी वस्तु से युवक के सिर पर वार करके उसकी हत्या की गई।
सुबह शव मिलने पर स्कूल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए एक फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना की जानकारी शिक्षा विभाग को भी दे दी गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस मृतक के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और यह पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है कि युवक स्कूल तक कैसे पहुंचा।
भाषा
सुरभि मनीषा
मनीषा