मुख्यमंत्री स्टालिन ने मेट्रों में यात्रा के दौरान यात्रियों से बातचीत की

Ads

मुख्यमंत्री स्टालिन ने मेट्रों में यात्रा के दौरान यात्रियों से बातचीत की

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 02:53 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 02:53 PM IST

( तस्वीर सहित )

चेन्नई, 10 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को मेट्रो ट्रेन में यात्रा की तथा यात्रियों से बातचीत कर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर उनकी राय जानी।

द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन ने यहां मेट्रो स्टेशन का दौरा करके सबको चौंका दिया।

उन्होंने चेन्नई सेंट्रल से एजी-डीएमएस तक यात्रा की।

इस दौरान महिला यात्रियों ने उच्च शिक्षा के लिए मासिक अनुदान शुरू करने के लिए स्टालिन की सराहना की। उन्होंने कहा कि द्रमुक के सत्ता में लौटने पर गृहिणियों के लिए 8,000 रुपये की कूपन योजना प्रदान करने का आश्वासन एक ‘अच्छी योजना’ है।

स्टालिन ने कहा, ‘हम अपने नेताओं सी.एन. अन्नादुरई और एम. करुणानिधि की कल्याणकारी पहलों को जारी रख रहे हैं।’

उनके साथ उनकी पार्टी के ‘थाउजेंड लाइट्स’ से उम्मीदवार एन. एझिलन भी थे, जो उसी निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर ‘द्रमुक: चेन्नई के विकास की प्रेरक शक्ति’ शीर्षक से एक पोस्ट साझा की।

उन्होंने लिखा, ‘‘यह यात्रा जनता के अगाध प्रेम से भरी रही और उन दिनों की स्मृतियों को ताजा कर गई, जब मेट्रो रेल परियोजना को विकसित किया गया था।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब मैं उपमुख्यमंत्री था, तब मैंने जापान का दौरा किया था और ‘जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी’ (जाइका) से वित्तीय सहायता प्राप्त की थी। मैंने ही इस पूरी परियोजना का नेतृत्व किया था।’’

स्टालिन ने बताया कि मेट्रो के प्रथम चरण (विम्को नगर से हवाई अड्डे और सेंट्रल से सेंट थॉमस माउंट) के परिचालन से अब तक करोड़ों लोग यात्रा कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, दूसरे चरण के तहत माधवरम से सिरुसेरी, लाइट हाउस से पूनमल्ली और माधवरम से शोलिंगनल्लूर के बीच मेट्रो विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। 116.1 किलोमीटर लंबी इस विस्तार परियोजना को राज्य सरकार ने लगभग 61,843 करोड़ रुपये की संशोधित लागत के साथ मंजूरी दी है।

भाषा

प्रचेता मनीषा संतोष

संतोष