जयपुर, 20 सितंबर (भाषा) राजस्थान के हनुमानगढ़ से निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल को कथित तौर पर फर्जी भूमि पट्टे जारी करने से जुड़े 23 साल पुराने मामले में सीआईडी-सीबी ने हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी-सीबी और विशेष अपराध शाखा की टीम ने शनिवार देर रात बंसल को बीकानेर से हनुमानगढ़ जाते समय हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उन्हें पल्लू थाने ले जाया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामला वर्ष 2003 का है और कथित तौर पर फर्जी भूमि पट्टे जारी किए जाने से संबंधित है।
हालांकि, सीआईडी-सीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, हनुमानगढ़ के पुलिस सूत्रों ने बंसल को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।
बंसल को ऐसे समय हिरासत में लिया गया है, जब हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभापति का चुनाव होना है और परिषद में बंसल के समर्थक पार्षदों का बहुमत है।
नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने 10 सीटें जीती हैं, जबकि बंसल के समर्थित 34 निर्दलीय उम्मीदवार और माकपा का एक उम्मीदवार निर्वाचित हुआ है।
भाषा बाकोलिया शोभना
शोभना