हरियाणा: सिलंडर से गैस रिसाव के बाद आग लगने से सात बच्चों समेत 11 लोग झुलसे
हरियाणा: सिलंडर से गैस रिसाव के बाद आग लगने से सात बच्चों समेत 11 लोग झुलसे
यमुनानगर, नौ अप्रैल (भाषा) हरियाणा के यमुनानगर में बृहस्पतिवार को प्रवासी मजदूरों के एक आवासीय क्वार्टर में गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण आग लग गई, जिससे सात बच्चों समेत 11 लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश लोग 50-60 प्रतिशत हिस्सा झुलस गये और छोटे बच्चे दर्द से कराहते एवं रोते हुए तड़प रहे थे।
जगाधरी के थाना प्रभारी तरसेम कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सलेमपुर बंगर इलाके में एक कारखाने के पास रहने वाला एक परिवार सुबह लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहा था, तभी यह घटना घटी।
उन्होंने बताया कि पास में रखे एक एलपीजी सिलेंडर से रिसाव हुआ जिसके बाद गैस के आग के संपर्क में आते ही आग भड़क उठी। उन्होंने बताया कि इससे एक विस्फोट हुआ और क्वार्टर की दीवारों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा।
झुलसने वालों में दो महीने का शिशु और एक गर्भवती महिला शामिल हैं। 43 वर्षीय दो पुरुष और पांच से दस वर्ष की आयु के सात बच्चे भी झुलस गए।
कुमार ने बताया कि झुलस गये लोगों को जगाधरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और जिनकी हालत गंभीर है उन्हें बाद में चंडीगढ़ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


