हरियाणा: अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के बाद 2025 में 1,264 मामले दर्ज

Ads

हरियाणा: अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के बाद 2025 में 1,264 मामले दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 01:40 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 01:40 PM IST

चंडीगढ़, एक फरवरी (भाषा) हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो ने अवैध खनन गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 के दौरान 1,264 मामले दर्ज किए और 1,286 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 1,122 प्राथमिकी का निस्तारण कर दिया गया है।

इस अवधि के दौरान, प्रवर्तन ब्यूरो की टीम ने राज्य भर में मिट्टी, रेत और बजरी के अवैध खनन के संबंध में 6,898 स्थानों पर छापे मारे और मौके पर ही 2,637 वाहन जब्त किए।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने रविवार को कहा कि जांच एजेंसी को प्रौद्योगिकी-आधारित, परिणाम-उन्मुख और पूरी तरह से जवाबदेह इकाई के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि अवैध खनन, बिजली चोरी, अवैध शराब, पानी चोरी तथा इस तरह की अन्य गतिविधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा सके।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, डीजीपी ने कहा कि 2026 में वास्तविक समय डेटा विश्लेषण, अंतर-विभागीय खुफिया जानकारी साझा करने और राज्य भर में समन्वित संयुक्त कार्रवाई को और मजबूत किया जाएगा।

सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना ही नहीं है बल्कि कानून का डर पैदा करना और नियमों के प्रति सम्मान कायम करना भी है, जिससे एक सुरक्षित, अनुशासित और विकासोन्मुखी हरियाणा का निर्माण हो सके।

ब्यूरो ने अवैध गतिविधियों, विशेषकर अवैध खनन के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया।

भाषा

सुरभि माधव

माधव