हरियाणा : पंचकूला में शिक्षक दिवस पर 79 अध्यापकों को सम्मानित किया
हरियाणा : पंचकूला में शिक्षक दिवस पर 79 अध्यापकों को सम्मानित किया
पंचकूला, पांच सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को भी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वर्तमान में यह पुरस्कार केवल स्कूली शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को दिया जाता है।
सैनी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी शिक्षकों को सम्मानित करना और उनका उत्साहवर्धन करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी उपस्थित थे।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए कुल 79 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को शॉल, पदक, प्रमाण पत्र, एक लाख रुपये की नकद राशि और वेतन में दो अग्रिम वेतनवृद्धि प्रदान की गई।
शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह शिक्षा के प्रति शिक्षकों के समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि यह दिन महान शिक्षक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है, जिन्होंने अपना जन्मदिन शिक्षकों को समर्पित किया था।
सैनी ने भारतीय संस्कृति में ‘गुरु’ के सम्मानित स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक हर बच्चे की प्रतिभा और क्षमता को पहचानते हैं।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


