हरियाणा : जनवरी से रिश्वत मामलों में 83 सरकारी कर्मी गिरफ्तार

हरियाणा : जनवरी से रिश्वत मामलों में 83 सरकारी कर्मी गिरफ्तार

हरियाणा : जनवरी से रिश्वत मामलों में 83 सरकारी कर्मी गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 08:34 pm IST
Published Date: July 14, 2022 7:04 pm IST

चंडीगढ़, 14 जुलाई (भाषा) हरियाणा सतर्कता ब्यूरो ने इस साल जनवरी से जून तक 83 सरकारी अधिकारियों को कथित तौर पर 5,000 रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में अब तक 71 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में 23 पुलिसकर्मी, राजस्व विभाग के 18 कर्मचारी, बिजली कंपनियों के 15, शहरी स्थानीय निकायों के आठ, आबकारी और कराधान तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के तीन-तीन, परिवहन, खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता मामले तथा खनन विभाग के दो-दो कर्मी शामिल थे।

प्रवक्ता ने कहा कि हर महीने औसतन 15 सरकारी कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने उच्च पदस्थ अधिकारियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निकाय विभाग के दो मुख्य अभियंताओं को सार्वजनिक धन की हेराफेरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। एक जिला नगर योजनाकार (प्लानर) को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में नगर निगम का एक अधीक्षण अभियंता भी शामिल है। अधिकारी को 50,000 रुपये लेते हुए पकड़ा गया, जबकि एक उप आबकारी और कराधान आयुक्त को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। इसके साथ ही गुजरात पुलिस के एक निरीक्षक को गुरुग्राम में 2 लाख रुपये लेते पकड़ा गया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘राज्य सतर्कता ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है और रिश्वत के सभी मामलों से सख्ती से निपटा गया है तथा आने वाले दिनों में और कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में