हरियाणा के मुख्यमंत्री ने क्रांतिकारी मंगल पांडेय को श्रद्धांजलि दी

Ads

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने क्रांतिकारी मंगल पांडेय को श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 04:25 PM IST

चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान क्रांतिकारियों में से एक मंगल पांडेय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए रविवार को कहा कि उनका बलिदान और समर्पण देशभक्तों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

सैनी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘अंग्रेज़ी शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम का प्रथम शंखनाद करने वाले, 1857 की क्रांति के अग्रदूत, अमर शहीद मंगल पांडे जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनके अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान ने देशवासियों के हृदय में स्वतंत्रता की ऐसी अलख जगाई, जिसने आगे चलकर आज़ादी के महायज्ञ का स्वरूप धारण किया। उनका त्याग और समर्पण सदैव राष्ट्रभक्तों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।’’

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने भी क्रांतिकारी मंगल पांडेय को श्रद्धांजलि दी।

सिंह ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं अमर क्रांतिवीर मंगल पांडे जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मातृभूमि के लिए उनका अमूल्य योगदान राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान की भावना से राष्ट्र को सदैव प्रेरित करता रहेगा।’’

मंगल पांडेय ने 1857 में ब्रिटिश अधिकारियों के विरुद्ध विद्रोह का बिगुल फूंका था, जिसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों में अंग्रेजी शासन के खिलाफ स्वतंत्रता की आवाज बुलंद होने लगी। इस विद्रोह को भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत माना जाता है।

मंगल पांडे का जन्म 19 जुलाई 1827 को उत्तर प्रदेश के बलिया में हुआ था। वर्ष 1857 में ब्रिटिश शासन ने उन्हें फांसी दे दी थी।

भाषा सुमित खारी

खारी