चंडीगढ़, 14 मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर खर्चों में कटौती की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाकर चार कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पहले मुख्यमंत्री के काफिले में उनकी कार सहित सात से दस वाहन शामिल थे, लेकिन अब यह संख्या घटाकर चार कर दी गई है।
सैनी बृहस्पतिवार को पंचकुला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चार वाहनों के काफिले में पहुंचे, जिसमें उनकी अपनी कार और एक जैमर वाहन शामिल था।
जैमर वाहन एक विशेष सुरक्षा वाहन होता है, जिसमें उच्च-शक्ति वाले रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) सिस्टम लगे होते हैं, जो मोबाइल, उपग्रह और रिमोट-कंट्रोल आधारित सिग्नल को बाधित या नष्ट करने में सक्षम होते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह विपक्षी दलों से भी प्रधानमंत्री की अपील पर अमल करने का आग्रह करेंगे, सैनी ने कहा, “जब प्रधानमंत्री अपील करते हैं, तो सभी को उस पर ध्यान देना चाहिए।”
हरियाणा सरकार में मंत्री अरविंद शर्मा भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में साइकिल चलाकर पहुंचे।
कार्यक्रम में सैनी और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने नव-निर्वाचित महापौरों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। हाल में भाजपा ने पंचकूला, अंबाला और सोनीपत सहित अन्य नगर निकायों में चुनावों में जीत दर्ज की है।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश