गुरुग्राम, एक जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों के निवारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई ना बरती जाए। सैनी ने दोहराया कि नागरिकों को समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाना चाहिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को जनता के साथ नियमित संपर्क बनाए रखना चाहिए और नागरिकों की चिंताओं के समाधान के लिए उत्तरदायी और जवाबदेह दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसा दृष्टिकोण न केवल लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की असुविधा से बचाएगा, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक कुशल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित भी बनाएगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम में जिला जनसंपर्क एवं शिकायत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए।
समिति के समक्ष कुल 16 शिकायतें रखी गईं। इनमें से 13 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि तीन मामलों को आगे की जांच के लिए लंबित रखने के निर्देश जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को अगली बैठक में लंबित मामलों पर विस्तृत स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार के ‘म्हारी सड़क’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कड़ी निगरानी रखने और उनके शीघ्र समाधान को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप