एनएचआरसी ने दलित छात्र की पिटाई के मामले में मध्यप्रदेश सरकार को नोटिस भेजा

Ads

एनएचआरसी ने दलित छात्र की पिटाई के मामले में मध्यप्रदेश सरकार को नोटिस भेजा

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 12:58 AM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 12:58 AM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने मध्यप्रदेश सरकार और पुलिस अधिकारियों को नोटिस भेजे हैं। ये नोटिस शिवपुरी जिले के एक गांव में सरकारी प्राथमिक विद्यालय के चौथी कक्षा के छात्र के साथ एक शिक्षक द्वारा कथित पिटाई और ‘‘जातिसूचक अपशब्द’’ कहे जाने की खबरों के बाद भेजे गए हैं।

आयोग ने कहा कि अगर खबर के दावे सच हैं, तो यह मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला है।

आयोग ने कहा कि उसने 28 जुलाई को उकावल गांव में हुई घटना के बारे में खबर का स्वतः संज्ञान लिया है।

खबरों के मुताबिक, दलित समुदाय के लड़के को अपनी बोतल से पानी पीते देख शिक्षक भड़क गया था, जिसके बाद उसने कथित तौर पर छात्र की पिटाई की।

खबर के अनुसार, लड़के ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल