हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने एसआईआर को लेकर जिला अध्यक्षों को दिए अहम निर्देश

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने एसआईआर को लेकर जिला अध्यक्षों को दिए अहम निर्देश

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने एसआईआर को लेकर जिला अध्यक्षों को दिए अहम निर्देश
Modified Date: July 9, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: July 9, 2026 9:59 pm IST

चंडीगढ़, नौ जुलाई (भाषा) हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त ने राज्य में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान पूरी सतर्कता बरतने का बृहस्पतिवार को आह्वान किया।

दत्त ने प्रदेश नेताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल ना हो और किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना वैध कारण के सूची से ना हटाया जाए।

राज्य के दौरे पर आए दत्त ने पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ कई बैठकें कीं और निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांग्रेस नेता दत्त ने कहा कि यह केवल संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पवित्रता बनाए रखने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने और प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मतदान अधिकार की रक्षा करने का भी महत्वपूर्ण दायित्व है।

उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण समय में पार्टी के सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों, बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) तथा सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

दत्त ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस जिम्मेदारी का ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान दत्त ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों का निष्ठापूर्वक, एकजुट होकर और पूरी प्रतिबद्धता के साथ पालन करे। उन्होंने कहा कि कोई भी संगठन तब मजबूत होता है, जब उसके अभियान जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचें और बूथ स्तर पर लोगों से जुड़ें।

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक अभियान को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू करना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को एसआईआर प्रक्रिया को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और प्रत्येक मतदान केंद्र पर संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर के सभी कार्यक्रम हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निर्देशन में एकजुट, समन्वित और प्रभावी तरीके से आयोजित किए जाएं।

दत्त ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित समय के भीतर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और पार्टी के ‘कनेक्ट सेंटर’ को भेजी जाए, ताकि समुचित समन्वय और संगठनात्मक निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने हरियाणा के प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और समर्पण पर पूरा भरोसा जताया।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के मार्गदर्शन और निर्देशों के अनुरूप सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।

राव नरेंद्र सिंह ने जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों से भी अलग-अलग मुलाकात की और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

भाषा अमित माधव

माधव


लेखक के बारे में