हरियाणा कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कीं, 19 जुलाई से जिला-स्तरीय दौरा शुरू होगा

Ads

हरियाणा कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कीं, 19 जुलाई से जिला-स्तरीय दौरा शुरू होगा

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 07:39 PM IST

चंडीगढ़, 12 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई बूथ स्तर से पार्टी को मजबूत करने के प्रयासों के तहत 19 जुलाई से पांच दिवसीय जिला स्तरीय संगठनात्मक जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू करेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने रविवार को यह जानकारी दी।

पार्टी के एक बयान के अनुसार, दत्त ने चुनाव में हार का सामना करने वाले कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ बैठक कर उनके चुनावी अनुभव, संगठन की स्थिति और पार्टी की भविष्य की रणनीति को लेकर प्रतिक्रिया ली।

बयान में कहा गया कि दौरे का पहला चरण 19 से 23 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों को शामिल किया जाएगा।

बयान के मुताबिक, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी इस दौरे में साथ रहेंगे।

दत्त ने कहा कि प्रत्येक जिले में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठकें की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अलग-अलग मुलाकात कर संगठन को लेकर प्रतिक्रिया ली जाएगी।

दत्त ने कहा कि बैठकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने, जनता के बीच पहुंच का विस्तार करने और भविष्य के राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार, यह दौरा 19 जुलाई को पंचकूला और यमुनानगर, 20 जुलाई को यमुनानगर और अंबाला, 21 जुलाई को अंबाला और कुरुक्षेत्र, 22 जुलाई को कुरुक्षेत्र और करनाल तथा 23 जुलाई को करनाल में होगा।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप