हरियाणा के व्यक्ति ने ‘बेटी के साथ एआई सेल्फी’ अभियान की शुरूआत की
हरियाणा के व्यक्ति ने 'बेटी के साथ एआई सेल्फी' अभियान की शुरूआत की
चंडीगढ़, आठ अप्रैल (भाषा) बच्चियों की भ्रूण में हत्या करने के खिलाफ और लैंगिक समानता के पक्ष में वर्षों पहले ‘बेटी के साथ सेल्फी’ अभियान छेड़ने वाले सुनील जगलान ने अब ‘बेटी के साथ एआई सेल्फी’ अभियान की शुरूआत की है।
हरियाणा में जींद के बीबीपुर गांव के पूर्व सरपंच ने कहा कि इसका उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग करके माता-पिता और बेटियों के बीच अटूट और निस्वार्थ संबंध को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा, ‘बेटी के साथ एआई सेल्फी न केवल बेटियों के साथ भावनात्मक रिश्ता बनाएगी बल्कि बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सकारात्मक भावनाएं भी उत्पन्न करेगी।’
जलगान की दो बेटियां है, नंदिनी (14) और याचिका (12)।
जगलान (43) ने कहा कि ‘बेटी के साथ सेल्फी अभियान की शुरुआत 2015 में हुई थी। उस वक्त उन्होंने अपनी बेटी नंदिनी के साथ एक तस्वीर ली और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए इसे ऑनलाइन साझा किया।
इस पहल ने जल्द ही एक वैश्विक अभियान का रूप ले लिया और इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सराहा।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने इस अभियान की तारीफ की और अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इसका जिक्र भी किया।’
जलगान के अनुसार, यह नया एआई आधारित अभियान माता-पिता को एआई उपकरण का उपयोग करके अपनी बेटी की ‘वर्चुअल’ तस्वीर बनाने और उसके साथ ‘सेल्फ़ी’ लेने का मौका देता है, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी अपनी कोई बेटी नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों को बेटियों को महत्व देने, उनकी शिक्षा और कल्याण का समर्थन करने तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी हानिकारक प्रथाओं पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित कर सामाजिक परिवर्तन को बढ़ावा दे सकता है।
प्रतिभागी अभियान की वेबसाइट पर अपनी एआई-जनित सेल्फी अपलोड कर सकते हैं, अपनी वर्चुअल बेटी का नाम रख सकते हैं और ‘रील्स’ के जरिए संदेश साझा कर सकते हैं।
जगलान ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को नौ जून को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही एक पंचायत का आयोजन होगा जिसमें प्रत्येक परिवार भाग लेगा। उन्होने अभिभावकों से इस अभियान में भाग लेने और इस विचार को आगे बढ़ाने की अपील की कि ’बेटी केवल हमारे घर ही नहीं हमारे दिल में भी रहती है।’’
भाषा
प्रचेता माधव
माधव

Facebook


