हरियाणा: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 34 लाख से अधिक लाभार्थियों को 1,121 करोड़ रुपये प्राप्त हुए
हरियाणा: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 34 लाख से अधिक लाभार्थियों को 1,121 करोड़ रुपये प्राप्त हुए
चंडीगढ़, 10 जुलाई (भाषा) हरियाणा में 15 प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34.83 लाख लाभार्थियों के खातों में सीधे 1,121 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें लाभार्थियों को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त भी जारी की गई। इसके तहत 9.98 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 209.69 करोड़ रुपये जमा किए गए। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
अधिकारियों ने बताया कि कुल मिलाकर 19 अलग-अलग योजनाओं के तहत करीब 50.20 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,582 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई। इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20,165 पात्र लाभार्थियों के लिए 107 करोड़ रुपये जारी किए गए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजटीय प्रावधान को बढ़ाकर सालाना 5,000 करोड़ रुपये से 6,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान बुजुर्गों को पेंशन जारी होने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था और उन्हें रिश्वत देने के लिए भी मजबूर किया जाता था।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने केवल ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन गरीबों के लिए ‘कुछ नहीं किया।’
आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने पंजाब के लोगों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा करने में ‘नाकाम’ रही।
उन्होंने कहा, ‘उन्हें यह बताना चाहिए कि उन्होंने युवाओं को कितनी नौकरियां दी हैं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ भी कांग्रेस की तरह ‘झूठे’ वादे कर रही है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


