ओडिशा में 225 करोड़ रुपये का हशीश तेल जब्त

ओडिशा में 225 करोड़ रुपये का हशीश तेल जब्त

ओडिशा में 225 करोड़ रुपये का हशीश तेल जब्त
Modified Date: February 26, 2026 / 10:16 pm IST
Published Date: February 26, 2026 10:16 pm IST

कोरापुट, 26 फरवरी (भाषा) ओडिशा के कोरापुट जिले के एक जंगल में बृहस्पतिवार को करीब 225 करोड़ रुपये मूल्य का हशीश तेल बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित वर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे झोलापुट जंगल में एक विनिर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (दक्षिण-पश्चिमी रेंज) कंवर विशाल सिंह ने बताया, ‘‘छापेमारी के दौरान, गांजे से निकाला गया 1,800 लीटर से अधिक हशीश तेल बरामद किया गया। जब्त किए गए प्रतिबंधित तेल का बाजार मूल्य करीब 225 करोड़ रुपये है।’’

उन्होंने कहा कि आरोपी वहां से भाग गए और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि गांजे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के कारण तस्करों ने अपने तौर-तरीके बदल दिए हैं। उन्होंने कहा कि गांजा भारी होता है और परिवहन के दौरान आसानी से पकड़ा जा सकता है, इसलिए तस्कर इसे हशीश तेल में बदल रहे हैं, जिसे कम मात्रा में ले जाया जा सकता है और इसमें अधिक मुनाफा मिलता है।

पुलिस ने बताया कि एक अलग अभियान में, नंदपुर पुलिस थाना क्षेत्र में दो वाहनों से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य का 1,143 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भाषा अविनाश प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में