गुजरात के कई हिस्सों में 14 मई तक लू चलने की संभावना: आईएमडी
गुजरात के कई हिस्सों में 14 मई तक लू चलने की संभावना: आईएमडी
अहमदाबाद, 13 मई (भाषा) गुजरात के कई हिस्सों में पिछले पांच दिनों से लू की स्थिति बनी हुई है और यह हालात 14 मई तक जारी रहने की संभावना है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अहमदाबाद केंद्र के प्रमुख अशोक कुमार दास ने कहा, ‘‘नौ मई से शुरू हुई लू की स्थिति अगले एक दिन तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जारी रह सकती है।’’
आईएमडी की विज्ञप्ति के अनुसार, सुरेंद्रनगर और कच्छ समेत सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र के कई जिलों में लू की स्थिति बने रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने बनासकांठा, पाटन, गांधीनगर, अहमदाबाद और वडोदरा जिलों के कुछ इलाकों में भी लू चलने का अनुमान जताया है। वहीं, सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट, अमरेली, द्वारका और बोटाद में भी तापमान अधिक रह सकता है।
दास ने बताया कि मंगलवार को अमरेली और सुरेंद्रनगर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, बुधवार को अहमदाबाद में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गांधीनगर और राजकोट में बुधवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से क्रमश: 2.2 डिग्री और तीन डिग्री अधिक रहा।
सुरेंद्रनगर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस और अमरेली में यह 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमश: 1.6 डिग्री और 2.7 डिग्री अधिक रहा।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


