झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं

झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं

झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं
Modified Date: May 12, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: May 12, 2026 6:35 pm IST

रांची, 12 मई (भाषा) झारखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार दोपहर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने से कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में 18 मई तक बारिश, गरज के साथ बूंदाबांदी और दिन के तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान लगाया है।

अधिकारी ने बताया कि रांची में कांके, मोराबादी, ईस्ट जेल रोड, लाइन टैंक रोड और क्लब रोड पर पेड़ उखड़ गए, जिससे सड़क मार्ग अवरूद्ध हो गया।

उन्होंने बताया कि ईस्ट जेल रोड पर एक बड़ा पेड़ कार पर गिर गया जिसमें कार चला रहा एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया और इसी तरह की घटनाएं लाइन टैंक रोड और कुछ अन्य स्थानों से भी सामने आई हैं।

अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण बिजली के कई खंभे क्षतिग्रस्त हो जाने से शहर में बिजली भी गुल हो गई।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, झारखंड के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में 14 मई तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

इसमें कहा गया है, ’15 मई को सुबह 8:30 बजे से 16 मई को सुबह 8:30 बजे तक झारखंड के 12 जिलों के लिए आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया गया है।’

खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहेबगंज और गोड्डा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में