पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान
कोलकाता, 12 जुलाई (भाषा) सक्रिय मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 14 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि राज्य के उप-हिमालयी जिलों में, जहां पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है, वहां भी 14 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
बुलेटिन के अनुसार, बांकुरा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्द्धमान, नदिया तथा मुर्शिदाबाद जिलों में 14 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, क्षेत्र के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में कूचबिहार जिले के पुंडीबाड़ी में राज्य में सबसे अधिक 89 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान गांदरपाड़ा में 66 मिमी, हासिमारा में 62 मिमी, अलीपुरद्वार में 58 मिमी, दार्जिलिंग में 38 मिमी, दमदम में 38 मिमी और चेल में 35 मिमी बारिश हुई।
आईएमडी ने कोलकाता में सोमवार सुबह तक आमतौर पर बादल छाए रहने और एक-दो बार मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिक सापेक्षिक आर्द्रता के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक रहा। बीरभूम जिले के सूरी में शनिवार को सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


