शिमला, छह जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई जिससे चंबा और कुल्लू जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले के चुराह उपमंडल में पंगोला नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण चंबा-तिस्सा मार्ग बंद हो गया। वहीं, कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग पर पागल नाले में बाढ़ आने से यातायात प्रभावित हुआ।
बांध अधिकारियों ने बताया कि बांध के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी और भारी पानी आने की संभावना को देखते हुए, कुल्लू जिले में स्थित पारबती जलविद्युत परियोजना-3 के बांध के द्वारों से सैंज नदी में लगभग 50 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, मंडी जिले के जोगिंदरनगर में सबसे अधिक 97 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कांगड़ा में 74.8 मिमी, पालमपुर में 35.4 मिमी, भरवाईं में 34 मिमी, सराहन में 32.5 मिमी, रोहड़ू में 30 मिमी और धर्मशाला में 27.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, चंबा, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
इसके साथ ही विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (चेतावनी) भी जारी किया है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव