सिक्किम में भारी बारिश से पुल बहा, सड़क संपर्क बाधित
सिक्किम में भारी बारिश से पुल बहा, सड़क संपर्क बाधित
गंगटोक, 28 जून (भाषा) उत्तरी सिक्किम के जोंगू में रातभर हुई भारी बारिश के कारण एक पुल बह गया, जिससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बाधित हो गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात लगातार हुई बारिश के बाद फी खोला पर बना पुल बह गया, जिससे फिदांग से सांकलांग खंड पर आवाजाही प्रभावित हुई है।
मंगन के अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ अधिकारी नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंचे हैं।
एक अधिकारी के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश से दक्षिण सिक्किम के लिंगी इलाके के अपर काव खोला क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में सिक्किम में एक से दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि हिमालयी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी के घायल होने या मौत की कोई सूचना नहीं है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


