गुजरात में अगले दो दिनों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान, प्रशासन हाई अलर्ट पर
गुजरात में अगले दो दिनों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान, प्रशासन हाई अलर्ट पर
गांधीनगर, 30 जुलाई (भाषा) गुजरात के कई जिलों में अगले दो दिनों में अत्यधिक भारी बारिश के भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के बाद प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, “31 जुलाई से दो अगस्त तक कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद, भावनगर, भरूच, आणंद, नर्मदा, तापी, डांग, छोटा उदेपुर, पंचमहल, दाहोद और महीसागर जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।”
विज्ञप्ति के अनुसार, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंती रवि ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की और स्थानीय अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि हर जिले में सातों दिन चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष चालू रखे जाएं और वहां चौबीसों घंटे प्रथम श्रेणी का एक अधिकारी तैनात रहे।
रवि ने निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तत्काल तैनात की जाएं।
राहत और बचाव कार्यों के लिए भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना को भी तैयार रखा गया है।
उन्होंने जिलाधिकारियों को बारिश की स्थिति के अनुसार स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का अधिकार भी दिया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर बने राहत शिविरों में पहुंचाया जाएगा, जहां भोजन, पीने का साफ पानी और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि जब तक बेहद जरूरी न हो, वे अपने घरों से बाहर न निकलें।
अहमदाबाद, सूरत, पंचमहल, आणंद, भरूच, नवसारी, जामनगर, खेड़ा और वडोदरा समेत कई जिलों में शुक्रवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
राहत आयुक्त गौरांग मकवाणा ने सभी विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
मकवाणा ने कहा कि गुजरात में इस समय बारिश का वितरण असमान बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां द्वारका जैसे कुछ इलाकों में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है, वहीं वलसाड और नवसारी जैसे क्षेत्रों में मौसमी बारिश का लगभग 100 प्रतिशत दर्ज किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि इस असमान स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों, जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
आईएमडी की ओर से बृहस्पतिवार दोपहर जारी पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार के लिए नर्मदा, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दमन, दादरा एवं नगर हवेली, भावनगर और बोटाद जिलों में ‘रेड अलर्ट’ (असाधारण रूप से भारी बारिश) जारी किया गया है।
वहीं, शुक्रवार को गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल और दाहोद के अलावा सौराष्ट्र क्षेत्र के सुरेंद्रनगर, राजकोट और अमरेली जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ (बहुत भारी बारिश) जारी किया गया है।
कई अन्य जिलों में गरज के साथ हल्का बारिश होने की संभावना है।
शनिवार के लिए अहमदाबाद, आणंद, सुरेंद्रनगर और राजकोट जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


