हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण: पहले दो घंटों में 21 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण: पहले दो घंटों में 21 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण: पहले दो घंटों में 21 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ
Modified Date: May 28, 2026 / 12:02 pm IST
Published Date: May 28, 2026 12:02 pm IST

शिमला, 28 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश की 1,276 पंचायतों में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए बृहस्पतिवार को मतदान के पहले दो घंटों में 21 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।

सबसे अधिक मतदान सिरमौर जिले में 23.59 प्रतिशत रहा, जबकि सबसे कम मतदान लाहौल और स्पीति जिले में 14.62 प्रतिशत रहा।

कुल 17,30,300 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें 8,55,597 महिलाएं, 8,74,416 पुरुष और तीसरे लिंग के 17 लोग शामिल हैं।

मंडी जिले की धवाहन ग्राम पंचायत में पहली बार मतदान करने वाली सरिता ने कहा, ‘मैंने विकास के लिए वोट दिया है। गांव में पुस्तकालय खोलने की जरूरत है ताकि छात्र पढ़ाई कर सकें और जीवन में सफल हो सकें। सड़कों की हालत भी खराब है।’

पहले चरण में 1,293 पंचायतों के लिए मतदान मंगलवार को हुआ, जिसमें 78.90 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। तीसरे और अंतिम चरण में 1,274 पंचायतों के लिए मतदान 30 मई को होगा।

ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों और चार नगर निगमों को छोड़कर, जिनके परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे, बाकी सभी चुनावों के लिए मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू कर दी गई है।

पंचायत चुनावों में 10,854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

चुनाव अलग-अलग रंगों वाले मतपत्रों के माध्यम से हो रहे हैं – वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधानों के लिए पीला, प्रधानों के लिए हरा, पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीला।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चंबा के तिस्सा ब्लॉक के समवाल पंचायत के वार्ड नंबर दो के चुनाव 30 मई को होंगे। इस चुनाव को नियमों के उल्लंघन के कारण स्थगित कर दिए गया था।

तीन चरणों में होने वाले चुनावों में लगभग 50.89 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं, और 31,182 जन प्रतिनिधियों, 3,754 प्रधानों, 3,754 उप-प्रधानों, 21,654 वार्ड सदस्यों, 1,769 पंचायत समिति सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों का चुनाव करेंगे।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में