नाहन, तीन अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद इलाके में पुलिस ने कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेजों के 119 टिन रेजिन ले जा रहे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह जब्ती रविवार देर शाम को उस समय की गई जब पच्छाद थाने की एक टीम ने नियमित गश्त के दौरान कंगर घाट गांव से आगे धरयार क्रॉसिंग के पास संदेह के आधार पर एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन में त्रिपाल के नीचे छिपाकर रखे गए रेजिन के 119 टिन मिले।
पुलिस ने बताया कि चालक सर्वेश ठाकुर और उसके साथ यात्रा कर रहा एक अन्य व्यक्ति रोबिन ठाकुर रेजिन के स्रोत या उसे कहां ले जाया जा रहा है उससे संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं दिखा पाए।
रेजिन, चीड़ जैसे पेड़ों से निकलने वाला एक चिपचिपा पदार्थ है, जिसका उपयोग कला, शिल्प और कृत्रिम आभूषण आदि बनाने में किया जाता है। हिमाचल प्रदेश में बिना वैध अनुमति पत्र के रेजिन का परिवहन नहीं किया जा सकता है।
सिरमौर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एन. एस. नेगी ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और पच्छाद थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा
खारी रंजन
रंजन