हिमंत भगवद् गीता की कसम खाकर कहें कि उनकी पत्नी पर लगे आरोप गलत हैं : गोगोई

हिमंत भगवद् गीता की कसम खाकर कहें कि उनकी पत्नी पर लगे आरोप गलत हैं : गोगोई

हिमंत भगवद् गीता की कसम खाकर कहें कि उनकी पत्नी पर लगे आरोप गलत हैं : गोगोई
Modified Date: April 6, 2026 / 03:39 pm IST
Published Date: April 6, 2026 3:39 pm IST

नगांव (असम), छह अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई ने सोमवार को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को भगवद् गीता की कसम खाकर पत्नी पर लगे आरोपों का खंडन करने की चुनौती दी।

गोगोई का यह बयान शर्मा द्वारा अपनी पत्नी के कथित तौर पर कई पासपोर्ट और विदेशों में संपत्ति रखने के कांग्रेस के आरोपों का खंडन करने के कुछ घंटों बाद आया।

कांग्रेस नेता ने राहा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान शर्मा से सवाल किया कि क्या वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के बारे में ‘झूठ’ फैलाते हुए विदेशों में अपनी संपत्ति और व्यावसायिक हितों को छिपा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने रविवार को शर्मा से सवाल किया था कि क्या उनकी पत्नी के पास तीन विदेशी पासपोर्ट हैं, दुबई में संपत्ति है, अमेरिका में कंपनियां हैं, या उन्होंने मुखौटा कंपनियों में संपत्ति रखी है? मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह दावा किया कि विपक्षी पार्टी ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली झूठी जानकारी के आधार पर ये आरोप गढ़े हैं।

गोगोई ने कहा, ‘मैंने यह बात कल भी कही थी और अब फिर दोहरा रहा हूं – मैं भगवद् गीता की शपथ लेकर कह सकता हूं कि लंदन में मेरी कोई संपत्ति नहीं है, जैसा कि शर्मा ने आरोप लगाया है। क्या वह ऐसा कर सकते हैं? मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह अपनी सुविधा के स्थान पर आएं और भगवद् गीता की शपथ लेकर यही बात साबित करें।’’

उन्होंने कहा कि यदि ऐसी संपत्तियों को चुनाव शपथ पत्र में घोषित नहीं किया गया है, तो शर्मा अब उनके अस्तित्व को स्वीकार नहीं कर सकते, क्योंकि इससे उनकी उम्मीदवारी रद्द हो जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सवाल सीधे-सादे हैं – क्या आपकी पत्नी के पास दुबई का गोल्डन वीजा है? क्या आपके या आपके परिवार के किसी सदस्य की वहां कोई संपत्ति है? क्या गोल्डन वीजा भारतीय पासपोर्ट पर जारी किया गया है? क्या हिमंत विश्व शर्मा के परिवार का कोई सदस्य विदेश में कारोबार करता है? क्या हिमंत विश्व शर्मा ने अपने चुनावी हलफनामे में विदेश में अपनी या अपने परिवार की संपत्ति का खुलासा किया है? अगर शर्मा के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो उन्हें जांच का स्वागत करना चाहिए।’’

गोगोई ने कहा कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आती है, तो वह शर्मा की कथित रूप से अघोषित विदेशी संपत्तियों और व्यापारिक गतिविधियों की जांच करेगी।

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा, ‘‘उनसे जुड़ी सभी अवैध संपत्तियों, व्यवसायों और नेटवर्क के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

शर्मा ने इससे पहले सुबह गुवाहाटी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो ‘‘कानून के तहत दंडनीय’’ है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए, वे ‘‘पाकिस्तानीज इन अजमान’’ नाम के एक सोशल मीडिया समूह से लिए गए थे और उनकी तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने आरोपों के संबंध में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में