गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस नाका तोड़ होमगार्ड के जवान को कुचला, मौत

गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस नाका तोड़ होमगार्ड के जवान को कुचला, मौत

गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस नाका तोड़ होमगार्ड के जवान को कुचला, मौत
Modified Date: June 3, 2026 / 01:37 pm IST
Published Date: June 3, 2026 1:37 pm IST

गुरुग्राम, तीन जून (भाषा) गुरुग्राम में तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस नाके को तोड़ते हुए होमगार्ड के एक जवान को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल के पास हुई, जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक नाके को तोड़ते हुए आगे बढ़ गया और होमगार्ड जवान संदीप कुमार को टक्कर मार दी। इस दौरान पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि भिवानी जिले के लिवासी गांव निवासी संदीप कुमार का तीन दिन पहले ही भिवानी से गुरुग्राम तबादला किया गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना के बाद ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन को मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया।’’

अधिकारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में