नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक तेज रफ्तार टेंपो की चपेट में आने से एक बेघर व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई कि शालीमार बाग के भगवान महावीर मार्ग पर एक व्यक्ति जख्मी पड़ा है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अक्षय लाल यादव के रूप में हुई, जो कई वर्षों से पास के फुटपाथ पर रह रहा था।
अधिकारी के मुताबिक, अपराध टीम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने कहा कि एक क्षतिग्रस्त वाहन घटनास्थल पर लावारिस हालत में मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच से पुष्टि हुई कि व्यक्ति की मौत वाहन की चपेट में आने से हुई है।
इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान सुरेश
सुरेश