बंगाल की भाजपा सरकार से ‘सोनार बांग्ला’ के वास्तविक स्वरूप को फिर से प्राप्त करने की आशा : हिमंत
बंगाल की भाजपा सरकार से 'सोनार बांग्ला' के वास्तविक स्वरूप को फिर से प्राप्त करने की आशा : हिमंत
गुवाहाटी, नौ मई (भाषा) असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और कहा कि ‘अंग, बंग, कलिंग और प्राग्ज्योतिष’ अब एक ऐसी पार्टी द्वारा शासित हैं, जो ‘सनातन मूल्यों को संरक्षित करने में गहराई से निहित है’।
अंग, बंग, कलिंग और प्राग्ज्योतिष का संदर्भ प्राचीन भारत के पूर्वी भौगोलिक क्षेत्र से है, जिसमें आधुनिक बिहार, बंगाल, ओड़िशा और असम शामिल हैं।
इन सभी राज्यों में अब भाजपा की सरकार है। शर्मा ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी सरकार ‘सोनार बांग्ला’ (स्वर्णिम बंगाल) के वास्तविक स्वरूप और उसकी गरिमा को पुनर्जीवित करने के लिए काम करेगी।
कोलकाता में शुभेंदु के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘बंगाल में इतिहास रचा जा रहा है! पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर मैं शुभेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।’
भाजपा की असम इकाई के वरिष्ठ नेता शर्मा ने पश्चिम बंगाल में भी पार्टी के लिए प्रचार किया था। उन्होंने मंत्री पद की शपथ लेने वाले दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक को ‘इतिहास रचने में अभिन्न भूमिका निभाने’ के लिए बधाई दी।
शर्मा ने कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आपका प्रशासन पहले दिन से ही हमारी सीमाओं को सुरक्षित करने, राज्य की समृद्ध पहचान की रक्षा करने और ‘सोनार बांग्ला’ के वास्तविक स्वरूप को पुनः प्राप्त करने के लिए बंगाल में विकास और निवेश वापस लाने के लिए काम करेगा।’
उन्होंने आगे कहा, ‘पिछले कई वर्षों से हमने बंगाल में अपने कार्यकर्ताओं के अदम्य बलिदानों को देखा, सुना और जाना है। आज का दिन वास्तव में उनमें से प्रत्येक को उचित श्रद्धांजलि है।’
शर्मा ने कहा कि नयी सरकार का कार्यभार संभालना ‘हमारी सभ्यतागत यात्रा में एक नए अध्याय’ का प्रतीक है, क्योंकि ‘अंग, बंग, कलिंग और प्राग्ज्योतिष’ अब एक ऐसे प्रशासन द्वारा शासित हैं, जो सनातनी मूल्यों के संरक्षण में गहराई से विश्वास रखता है।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


