हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु मोड़ा गया

Ads

हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु मोड़ा गया

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 11:03 AM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 11:03 AM IST

बेंगलुरु, 20 अप्रैल (भाषा) हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया। हवाई अड्डा अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

रविवार को विमान के तीन घंटे तक हवा में रहने से यात्री घबरा गए और कुछ यात्री रोने लगे तथा अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने लगे।

सूत्रों ने बताया कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हैदराबाद से रवाना हुई यह उड़ान शाम करीब साढ़े चार बजे हुबली पहुंचने वाली थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वहां नहीं उतर सकी।

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हैदराबाद से हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया।’’

उन्होंने कहा कि इस प्रकार मार्ग परिवर्तित करना मानक सुरक्षा प्रक्रिया है।

अधिकारी के अनुसार, मौसम में सुधार की उम्मीद में विमान हुबली के ऊपर करीब एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद उसे बेंगलुरु भेज दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सामान्य प्रक्रिया है। मौसम में सुधार का इंतजार करते हुए विमान कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाते हैं। यह पायलट का फैसला होता है।’’

अधिकारी ने बताया कि विमान बाद में शाम करीब साढ़े छह बजे बेंगलुरु में उतरा और मौसम में सुधार होने के बाद रात करीब 11 बजे उसे फिर हुबली रवाना किया गया।

सूत्रों ने बताया कि विमान में 22 यात्री सवार थे।

अधिकारियों ने क्षेत्र में मौसम के कारण हुई इसी तरह की अन्य बाधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक अन्य उड़ान को भी गोवा की ओर मोड़ना पड़ा।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोई समस्या नहीं है।’’

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव