मणिपुर में हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद

मणिपुर में हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद

मणिपुर में हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद
Modified Date: May 8, 2026 / 10:15 am IST
Published Date: May 8, 2026 10:15 am IST

इंफाल, आठ मई (भाषा) मणिपुर के सेनापति और चूड़ाचांदपुर जिलों में हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा जब्त किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सेनापति जिले के मारनमेई पहाड़ी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को चलाए गए संयुक्त अभियान में असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों ने बड़ी मात्रा में गोला-बारूद के साथ 15 हथियार बरामद किए।

उन्होंने बताया कि जब्त हथियारों में मैगजीन के साथ एक एके-47 राइफल, मैगजीन के साथ एक एमपी-5 राइफल, एक .303 राइफल, दो .22 राइफल, स्थानीय स्तर पर बनाई गई चार बोल्ट-एक्शन राइफल, तीन .32 पिस्तौल, दो .22 पिस्तौल और स्थानीय स्तर पर बनी एक शॉटगन शामिल हैं। विभिन्न कैलिबर के 70 से अधिक कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस ने कहा कि हथियारों के इतने बड़े जखीरे की बरामदगी क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क को बाधित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह उग्रवादी गतिविधियों पर रोक लगाने में मददगार साबित होगी।

चूड़ाचांदपुर के हेंगकापकोट क्षेत्र में चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त हथियार और विस्फोटक बरामद किए।

जब्त सामान में एकल-बैरल की तीन राइफल, एक .303 राइफल, चार रॉकेट गोले, 500 ग्राम का आईईडी और चार किलोग्राम का आईईडी शामिल है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में