जम्मू, 21 जुलाई (भाषा) अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में बढ़ावा दिये जाने की वकालत करते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में प्रतिभाओं और खूबसूरत स्थानों की कोई कमी नहीं है, जिन्हें व्यापक पहचान मिलनी चाहिए।
फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ के प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू में फ़िल्मों के प्रचार के ज़्यादा कार्यक्रम नहीं होते हैं, और मुझे लगता है कि यह बदलना चाहिए। हमें यहां के लोगों से बेहद प्यार मिला है
क्षेत्र में फ़िल्म निर्माण की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए, कुरैशी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में स्थानीय प्रतिभाओं की भरमार है और कई ऐसे खूबसूरत ठिकाने हैं, जहां अभी तक शूटिंग नहीं हुई है।
कुरैशी ने कहा कि वह सोच-समझकर ऐसे किरदार चुनती हैं, जो महिलाओं को मजबूत और उनके व्यक्तित्व की जटिलताओं को दिखाते हैं।
उन्होंने कहा, ‘मेरा किरदार कोई ऐसी पीड़िता नहीं है, जो किसी के आकर बचाने का इंतज़ार कर रही हो। वह खुद अपनी हीरो है। मुझे उम्मीद है कि यह फ़िल्म देखने वाली लड़कियां अपने भीतर की शक्ति, साहस और देवी को पहचानेंगी।’’
उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म देखने वाली लड़कियां अपने भीतर की ताकत और आत्मविश्वास को पहचानेंगी।
फिल्म के सह-निर्माता और अभिनेता साकिब सलीम ने कहा कि उन्होंने हुमा के साथ पूरी तरह पेशेवर तरीके से काम किया।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि उनकी निर्माण कंपनी भविष्य की फिल्मों के लिए जम्मू-कश्मीर में ‘ओपन ऑडिशन’ आयोजित करेगी, ताकि स्थानीय युवाओं को अवसर मिल सके।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप