मानवाधिकार आयोग ने अग्निकांड में मरीज की मौत मामले में उत्तराखंड सरकार से रिपोर्ट तलब की
मानवाधिकार आयोग ने अग्निकांड में मरीज की मौत मामले में उत्तराखंड सरकार से रिपोर्ट तलब की
देहरादून, 26 मई (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हाल में देहरादून के एक निजी अस्पताल में आग लगने से एक महिला मरीज की मौत के मामले में उत्तराखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
आयोग ने मीडिया में आई खबरों का स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव एवं देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को नोटिस जारी किया तथा उनसे दो सप्ताह के भीतर मामले में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
हरिद्वार रोड स्थित ‘पैनेसिया हॉस्पिटल’ की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में 20 मई को एयर कंडीशनर में विस्फोट होने से आग लग गयी थी जिसके बाद वहां भर्ती मरीजों को वहां से निकालकर एक निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया । इसी दौरान एक मरीज वीरवती की मौत हो गयी जबकि 10 अन्य घायल हो गए थे । घटना में बचाव अभियान में लगे तीन पुलिसकर्मियों का भी स्वास्थ्य बिगड़ गया था जिसके बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा ।
आयोग ने कहा कि अगर समाचार सही है तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा है और इसीलिए प्रदेश के मुख्य सचिव और देहरादून के एसएसपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है ।
भाषा दीप्ति शोभना
शोभना

Facebook


