हैदराबाद का सॉफ्टवेयर पेशेवर सेंधमारी के आरोप में गिरफ्तार, सोना और चांदी बरामद
हैदराबाद का सॉफ्टवेयर पेशेवर सेंधमारी के आरोप में गिरफ्तार, सोना और चांदी बरामद
विशाखापट्टनम, 10 फरवरी (भाषा) विशाखापट्टनम पुलिस ने कई मकानों में रात के समय हुई सेंघमारी की 26 घटनाओं में कथित संलिप्तता के आरोप में हैदराबाद के एक सॉफ्टवेयर पेशेवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान काकीनाडा निवासी अच्ची महेश रेड्डी उर्फ सनी के रूप में हुई है। उसने संक्रांति उत्सव के बाद कथित तौर पर सिलसिलेवार सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम दिया था और वह पिछले साल भी इसी तरह की वारदातों में शामिल था।
विशाखापट्टनम की पुलिस उपायुक्त (अपराध) के. लता माधुरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हमने रात के समय घरों में होने वाली 26 सेंधमारी में शामिल हैदराबाद के एक सॉफ्टवेयर पेशेवर को सात फरवरी को गिरफ्तार किया है।’
माधुरी ने बताया कि आरोपी ने इतनी कुशलता के साथ इस काम को अंजाम दिया कि अपराध स्थल पर उसकी अंगुलियों के निशान या कोई अन्य साक्ष्य नहीं मिले।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गाजुवाका में आर्च रोड के पास से पकड़ा। उसके पास से 699 ग्राम सोना, 3.8 किलोग्राम चांदी, चोरी के पैसे से खरीदी गई एक बीएमडब्ल्यू कार और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।
आरोपी ने चोरी के लिए महेश नामक व्यक्ति के दोपहिया वाहन का इस्तेमाल किया था और इसके बारे में वाहन मालिक को कोई जानकारी नहीं थी।
यह मामला तब सामने आया जब गाजुवाका के एक निवासी ने 14 अक्टूबर, 2025 को शिकायत दर्ज करा कर यह जानकारी दी कि उसकी अनुपस्थिति में उसके घर में सेंधमारी की गयी। इसके बाद गाजुवाका पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
माधुरी ने बताया कि आरोपी सेंधमारी की कुल 26 घटनाओं में शामिल पाया गया है। इन मामलों में कुल मिलाकर 1,080 ग्राम से अधिक सोना, लगभग 6,333 ग्राम चांदी और 40,500 रुपये नकद की चोरी की गयी जिसकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी पहले भी काकीनाडा में 15 वर्ष की आयु में किशोर सुधारगृह में भेजा गया था।
डीसीपी ने कहा कि फिलहाल आरोपी को एक साल के लिए एहतियातन हिरासत में रखा गया है।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव

Facebook


