अमेरिका में हैदराबाद के युवक की हत्या, परिवार ने न्याय की मांग की

Ads

अमेरिका में हैदराबाद के युवक की हत्या, परिवार ने न्याय की मांग की

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 04:47 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 04:47 PM IST

हैदराबाद, सात जून (भाषा) हैदराबाद के 28 वर्षीय युवक की अमेरिका में पिज्जा पहुंचाने के दौरान कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह जानकारी उसके परिजनों ने यहां दी।

परिजनों को मिली सूचना के अनुसार, यह घटना पांच जून को अमेरिका के फिलाडेल्फिया में हुई। युवक का परिवार हैदराबाद के पास गुंडलापोचमपल्ली क्षेत्र में रहता है।

न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘फिलाडेल्फिया, पेंसिल्वेनिया में भारतीय नागरिक अंशुल कुंचा की असामयिक मौत से हम बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में उनके परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। वाणिज्य दूतावास अंशुल के परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।’’

मृतक की बहन तन्वी ने संवाददाताओं को बताया कि अंशुल उत्तरी फिलाडेल्फिया की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करते थे और सप्ताहांत में अतिरिक्त आय के लिए पिज्जा पहुंचाने का काम करते थे।

तन्वी ने बताया, ‘‘हमें बताया गया कि अंशुल को सिर में तीन गोलियां मारी गईं और सड़क पर छोड़ दिया गया।’’

उन्होंने कहा कि अंशुल के पास से कुछ भी नहीं लूटा गया।

तन्वी के मुताबिक, अंशुल को पिज्जा पहुंचाने के लिए एक सुनसान इलाके में भेजा गया था और बाद में उन्हें पता चला कि यह एक ‘‘छलावा’’ था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक छलावा था। उन्हें मारने के लिए ही यह सब रचा गया था। मुझे नहीं पता कि उन्हें इससे क्या हासिल हुआ या उनकी क्या मंशा थी। उन्होंने मेरे भाई को हमसे छीन लिया।’’

तन्वी ने इस मामले में न्याय की मांग की। उन्होंने विदेश मंत्रालय से अपील की कि उनके भाई के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए।

तन्वी ने कहा, ‘‘हमें बताया गया कि शव सोमवार को सौंप दिया जाएगा। बस मैं बस यही चाहती हूं। हमें न्याय चाहिए। अमेरिकी मीडिया की खबरों के अनुसार, ऐसा लगता है कि दो बंदूकधारी काले नकाब पहने और पीठ पर बैग लटकाए हुए थे।’’

अंशुल लगभग चार साल पहले पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे। तन्वी ने बताया कि इससे पहले कुछ लोगों ने उनसे चेन, फोन और नकदी छीन ली थी।

भाषा आशीष पारुल

पारुल