नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) अभिनेता आर. माधवन ने कहा कि वह भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित होकर गहरी कृतज्ञता के साथ ही गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
‘रंग दे बसंती’, ‘विक्रम वेधा’, ‘3 इडियट्स’ और ‘तनु वेड्स मनु’ जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए तारीफ बटोरने वाले माधवन को मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया।
माधवन को भारतीय सिनेमा में विभिन्न भाषाओं और विधाओं में उनके उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर समारोह की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह पुरस्कार ग्रहण करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों और दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया।
माधवन ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘‘मैं पद्मश्री से सम्मानित होकर अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुझे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक से सम्मानित करने के लिए मैं भारत सरकार का हृदय से आभारी हूं। मैं महाराष्ट्र सरकार का भी धन्यवाद करता हूं, जिसने मेरे नाम की सिफारिश की और मेरे सफर पर विश्वास जताया। यह सम्मान मेरे जीवनभर की अमूल्य धरोहर रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी फिल्में देखने वाले, मेरे किरदारों को पसंद करने वाले, मेरी सफलताओं का जश्न मनाने वाले, मेरी कमियों को क्षमा करने वाले और वर्षों तक मेरा साथ देने वाले हर व्यक्ति के प्रति मैं आभारी हूं। यह सम्मान जितना मेरा है, उतना ही आप सभी का भी है। आपका स्नेह मेरे जीवन और करियर की हर उपलब्धि के पीछे प्रेरक शक्ति रहा है। आज मैं एक गहरी जिम्मेदारी भी महसूस कर रहा हूं।’’
हाल में फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में नजर आए अभिनेता ने कहा कि यह सम्मान उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सम्मान मुझे याद दिलाता है कि प्रत्येक विशेषाधिकार के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है—ईमानदारी, विनम्रता और उत्कृष्टता के मूल्यों को बनाए रखने की; उस सिनेमा जगत में सार्थक योगदान देने की जिसने मुझे सब कुछ दिया है; और जहां तक संभव हो, अपने देश की सेवा करने की।’’
माधवन की इस उपलब्धि पर कई हस्तियों ने उन्हें बधाई दी। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, ‘‘आप इस सम्मान के लिए पूरी तरह से योग्य हैं।’’
अभिनेता अर्जुन रामपाल ने कहा, ‘‘वाह! आप इस सम्मान के लिए पूरी तरह से योग्य हैं भाई, बधाई हो।’’
अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने लिखा, ‘‘बधाई हो मैडी। आपके लिए बहुत खुश हूं। मेरे मित्र, आप वास्तव में इसके हकदार हैं। आपको और शक्ति मिले।’’
माधवन के साथ उनकी पत्नी सरिता बिरजे और पुत्र वेदांत माधवन भी मौजूद थे।
अभिनेता एवं हास्य कलाकार सतीश शाह को फिल्म उद्योग में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
भाषा अमित वैभव
वैभव