मैंने कभी सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ नहीं कहा : आलोचना के बाद दीपेंद्र हुड्डा

मैंने कभी सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ नहीं कहा : आलोचना के बाद दीपेंद्र हुड्डा

मैंने कभी सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ नहीं कहा : आलोचना के बाद दीपेंद्र हुड्डा
Modified Date: August 23, 2026 / 07:53 pm IST
Published Date: August 23, 2026 7:53 pm IST

गुरुग्राम (हरियाणा), 23 अगस्त (भाषा) सज्जन कुमार को कथित तौर पर ‘रोल मॉडल’ बताए जाने को लेकर आलोचना का सामना कर रहे रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को कहा कि उन्होंने कभी ‘‘रोल मॉडल’’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया और न ही उनकी ऐसी कोई भावना थी।

हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर उनकी टिप्पणी से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह खेद जताते हैं।

वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कांग्रेस के सांसद रह चुके सज्जन कुमार का बृहस्पतिवार को 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने इसे ‘‘देश के राजनीतिक परिदृश्य के लिए क्षति’’ बताया था। उन्होंने पूर्व सांसद के ‘‘लोगों से जुड़ाव और दिल्ली के विकास में योगदान’’ की भी सराहना की थी।

हुड्डा की इस टिप्पणी पर खासकर पंजाब में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर ‘‘सिख विरोधी मानसिकता’’ रखने का आरोप लगाया।

जब पत्रकारों ने गुरुग्राम में दीपेंद्र हुड्डा से पूछा कि क्या उन्होंने कुमार को ‘रोल मॉडल’ बताया था, तो रोहतक के सांसद ने कहा, ‘‘मैंने इन शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया और न ही मेरी ऐसी कोई भावना थी।’’

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, ‘‘जो लोग भाईचारे की भावना को कमजोर करके राजनीति करना चाहते हैं, वे ये शब्द मेरे मुंह में डाल रहे हैं। मेरा किसी की भावनाएं आहत करने का कोई इरादा नहीं था; जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि मैंने कभी किसी को दुख पहुंचाने की मंशा नहीं रखी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। जो लोग मुझे जानते हैं, वे जानते हैं कि मेरा कभी किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं रहा है।’’

बाद में, दीपेंद्र हुड्डा ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने सज्जन कुमार पर अपनी टिप्पणी को स्पष्ट करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो दिनों से, मैंने देखा है कि मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और संदर्भ से हटकर दिखाया जा रहा है। मुझ पर एक अंग्रेजी शब्द-रोल मॉडल-का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि मैंने न तो कभी यह शब्द कहा और न ही मेरी ऐसी कोई भावना थी।’’

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, ‘‘जहां तक ​​सिख समुदाय की बात है, लोग जानते हैं कि हम हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और हर तरह से उनका समर्थन किया है। सिखों के साथ हमारा सदियों पुराना भाईचारे का रिश्ता है; हमारा परिवार सुख-दुख में उनके साथ जुड़ा रहा है और हर संघर्ष में हम उनके साथ खड़े रहे हैं।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में