पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर नहीं लडूंगा :विधायक विष्णुप्रसाद शर्मा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर नहीं लडूंगा :विधायक विष्णुप्रसाद शर्मा
कोलकाता, आठ फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मौजूदा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुर्सियोंग से विधायक विष्णुप्रसाद शर्मा ने रविवार को कहा कि वह आगामी चुनाव पार्टी के टिकट पर नहीं लड़ेंगे।
शर्मा ने इसी के साथ भाजपा के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में पहाड़ी क्षेत्र के लिए किए गए वादे पूरे नहीं हुए, जिससे जनता में व्यापक निराशा है।
शर्मा ने कहा कि वह राजनीति में बने रहेंगे लेकिन अब भाजपा से नाता नहीं रखेंगे। उन्होंने गोरखालैंड राज्य के मुद्दे के स्थायी राजनीतिक समाधान (पीपीएस) की मांग का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले पहाड़ी क्षेत्र में समुदाय के हितों की रक्षा करने के अपने वादे से पीछे हट गई है।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुर्सियोंग के विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा ने भाजपा की सांप्रदायिक जहर की राजनीति और जनता से किए गए वादों को पूरा करने में उसकी पूर्ण विफलता से तंग आकर खुले तौर पर पार्टी छोड़ने का संकेत दिया है।’’
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने कहा,‘‘ भाजपा चुनाव से पहले ही बिखर रही है, और इस बार विपक्ष उन्हें बेनकाब नहीं कर रहा, बल्कि उनका अपना कुनबा ही भीतर से ढह रहा है। जब आपके अपने विधायक आपकी विचारधारा या आपकी अक्षमता को बर्दाश्त नहीं कर सकते, तो फैसला पहले ही लिखा जा चुका होता है। यही ‘पलटनो दरकार’ पार्टी का असली चेहरा है, जो विश्वासघात, अवसरवादिता और टूटे भरोसे का एक चक्रव्यूह है।’’
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


