समझौते का पालन नहीं हुआ तो फिर होगा आंदोलन : आशुतोष रांका
समझौते का पालन नहीं हुआ तो फिर होगा आंदोलन : आशुतोष रांका
जयपुर, 28 जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने उच्चतम न्यायालय से जुड़े एक मामले को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि 25 जुलाई को हुई वार्ता के दौरान दिए गए आश्वासनों को अब तक पूरा नहीं किया गया है।
जयपुर में ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में रांका ने कहा कि यह ‘‘शर्म की बात’’ है कि सरकार ने इस मुद्दे पर विरोध दर्ज नहीं कराया और पहले दिए गए आश्वासनों को भी लागू नहीं किया।
उन्होंने कहा, ‘‘25 जुलाई को स्पष्ट आश्वासन दिया गया था कि दर्ज प्राथमिकी वापस ली जाएंगी और भविष्य में कोई नयी प्राथमिकी दर्ज नहीं होगी।’’
रांका ने कहा, ‘‘यदि केंद्रीय मंत्री की बात का कोई मूल्य नहीं है तो मुझे नहीं पता कि सरकार में किसकी बात का मूल्य है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि सरकार 25 जुलाई को हुए समझौते का सम्मान करे, हमें इसका लिखित दस्तावेज दे, सभी प्राथमिकी वापस ले और यह सुनिश्चित करे कि आगे कोई नयी प्राथमिकी दर्ज नहीं होगी। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हम फिर से आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।’’
रांका ने कहा कि उनकी पार्टी अपने किसी भी छात्र या युवा को परेशान नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे दिल्ली पुलिस हो, कोई केंद्रीय जांच एजेंसी हो या कोई अन्य सरकारी एजेंसी, हम किसी को भी छात्रों को परेशान नहीं करने देंगे।’’
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की कथित ‘‘गटर जेनरेशन’’ टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रांका ने कहा, ‘‘हां, हम ‘गटर जेनरेशन’ हैं। लेकिन याद रखिए कि यही ‘कॉकरोच’ गटर से निकलकर सड़क पर आया और आपके एक मंत्री का इस्तीफा दिलवाया।’’
उन्होंने दोहराया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो पार्टी दोबारा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


