ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना अरुणाचल सरकार की प्राथमिकता है: मंत्री पासंग सोना

ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना अरुणाचल सरकार की प्राथमिकता है: मंत्री पासंग सोना

ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना अरुणाचल सरकार की प्राथमिकता है: मंत्री पासंग सोना
Modified Date: July 29, 2026 / 10:13 am IST
Published Date: July 29, 2026 10:13 am IST

ईटानगर, 29 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मंत्री पासंग दी. सोना ने कहा कि सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

चीन के साथ सीमा साझा करने वाले शी-योमी जिले में मंगलवार को यारग्याप चू नदी पर निर्माणाधीन पुल परियोजनाओं का निरीक्षण करने के बाद राज्य के पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करने के लिए मजबूत संपर्क व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सोना ने अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री व्यापक राज्य सड़क विकास योजना-1 के तहत थारगेलिंग गांव में वाहनों के आवागमन योग्य पुल, मेचुका और दोर्जेलिंग को जोड़ने वाले मेहराबदार पुल (आर्क ब्रिज) तथा त्सेनांग (फार्ज) में 150 मीटर लंबे इस्पातल मिश्रित पुल के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

सोना ने इन परियोजनाओं के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनसे क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा लोगों और आवश्यक सेवाओं की सुचारू आवाजाही होगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के कड़े मानकों का पालन करने और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग का भी प्रभार संभाल रहे सोना ने बाद में विकास संबंधी जरूरतों और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा के लिए निर्माणाधीन सम्मेलन कक्ष, मेचुका सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा ल्हालुंग स्थित प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया।

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में