आईआईएम-के आयोजित करेगा केरलम मंत्रिमंडल का दो दिवसीय रणनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम

Ads

आईआईएम-के आयोजित करेगा केरलम मंत्रिमंडल का दो दिवसीय रणनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 11:06 AM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 11:06 AM IST

कोझिकोड (केरलम), तीन सितंबर (भाषा) भारतीय प्रबंधन संस्थान-कोझिकोड (आईआईएम-के) चार और पांच सितंबर को केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और उनके मंत्रिमंडल के लिए दो दिन के रणनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। संस्थान ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

‘केरलम की नयी परिकल्पना’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य का राजनीतिक नेतृत्व, ‘आईआईएम-के’ के संकाय सदस्य और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ केरलम के दीर्घकालिक विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

‘आईआईएम-के’ के निदेशक प्रोफेसर देबाशीष चटर्जी ने मुख्यमंत्री सतीशन के साथ बैठक के बाद इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। संस्थान के अनुसार, इसमें राज्य के सामने उभरते अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा होगी तथा टिकाऊ एवं समावेशी विकास के रास्तों पर विचार किया जाएगा।

चटर्जी के अनुसार, इस कार्यक्रम का मकसद रणनीतिक सोच के लिए एक साझा मंच तैयार करना है ताकि राज्य का नेतृत्व सामान्य प्रशासन से आगे बढ़कर केरलम के भविष्य को आकार देने वाली बड़ी ताकतों पर विचार कर सके।

चर्चा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में परिवर्तनकारी नेतृत्व, व्यवहार विज्ञान और नीतियों के क्रियान्वयन, जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता, आपदा से निपटने की तैयारी, सार्वजनिक स्वास्थ्य, बढ़ती उम्र की आबादी आर्थिक एवं वित्तीय सुधार, रोजगार, उद्यमिता और कौशल, उच्च शिक्षा तथा केरलम को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।

‘आईआईएम-के’ के संकाय सदस्यों के साथ-साथ जापान की केइओ विश्वविद्यालय और किंग्स कॉलेज लंदन के विशेषज्ञ अलग-अलग सत्र का संचालन करेंगे।

बयान में कहा गया है कि यह दूसरी बार होगा जब ‘आईआईएम-के’ केरल मंत्रिमंडल के लिए खास तौर पर नेतृत्व कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। इससे पहले संस्थान ने 2011 में पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद के लिए एक दिन के नेतृत्व और प्रबंधन कार्यक्रम की मेजबानी की थी।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना