असम: ब्रह्मपुत्र नदी में गिरने के बाद आईआईटी-गुवाहाटी की छात्रा लापता
असम: ब्रह्मपुत्र नदी में गिरने के बाद आईआईटी-गुवाहाटी की छात्रा लापता
रंगिया (असम), दो अगस्त (भाषा) गुवाहाटी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की बी.टेक की एक छात्रा ब्रह्मपुत्र नदी में गिरने के बाद लापता हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार को उस समय हुई, जब संस्थान के दो छात्र-छात्राएं परिसर के पास नदी के किनारे टहल रहे थे।
अधिकारी ने कहा, ‘अचानक दोनों नदी में गिर गए। सूचना मिलने के बाद पास के शिविर से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और एक छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दूसरी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका।
लापता छात्रा की पहचान आंध्र प्रदेश के जम्मलामडुगु की रहने वाली काचना साई चेतना के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग की बी.टेक तृतीय वर्ष की छात्रा है।
पुलिस ने बताया, ‘छात्रा की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम का बचाव और खोज अभियान जारी है।’
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


