अहमदाबाद में 39 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध पटाखे जब्त, दो लोग गिरफ्तार

अहमदाबाद में 39 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध पटाखे जब्त, दो लोग गिरफ्तार

अहमदाबाद में 39 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध पटाखे जब्त, दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: July 21, 2026 / 10:14 pm IST
Published Date: July 21, 2026 10:14 pm IST

अहमदाबाद, 21 जुलाई (भाषा) अहमदाबाद के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित दो गोदामों से पुलिस ने 39.57 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध पटाखों के विशाल भंडार को जब्त किया है और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शहर में एक अवैध पटाखा इकाई में हुए विस्फोट और आग लगने की घटना में नौ लोगों की मौत के बाद की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अहमदाबाद शहर में शनिवार को हुए भीषण विस्फोट और आग लगने की घटना के बाद पुलिस ने अवैध पटाखा गोदामों और निर्माण इकाइयों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात अहमदाबाद के मोडासर-अम्थापुरा मार्ग पर स्थित ‘अंबिका ट्रेड लिंक’ के परिसर में बने गोदामों पर छापा मारा।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘दोनों गोदामों में छोटे और बड़े गत्ते के डिब्बों में रखे गए विभिन्न प्रकार के पटाखों का भारी भंडार मिला।’

पुलिस ने बताया कि कुल 65,954 गत्ते के डिब्बों में रखे करीब 39 करोड़ 57 लाख 90 हजार रुपये मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाइसेंसधारी और कारोबार के जिम्मेदार व्यक्ति अमित कुमार मोदी तथा गोदाम प्रबंधक किशन पटेल के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में