आईएमडी ने उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान जताया, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की चेतावनी दी

आईएमडी ने उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान जताया, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की चेतावनी दी

आईएमडी ने उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान जताया, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की चेतावनी दी
Modified Date: July 19, 2026 / 05:05 pm IST
Published Date: July 19, 2026 5:05 pm IST

कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है।

विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की भी चेतावनी दी।

आईएमडी ने बताया कि शनिवार से दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण तीस्ता, तोर्सा, जलढाका और रायडक समेत क्षेत्र की कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।

आईएमडी के अनुसार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में अत्यधिक भारी बारिश, जबकि अन्य पहाड़ी जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने बताया कि 21 से 23 जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, हावड़ा, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में जलपाईगुड़ी जिले के मूर्ति में सबसे अधिक 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान जलपाईगुड़ी में 14 सेंटीमीटर, अलीपुरद्वार के दलगांव चाय बागान में 13 सेंटीमीटर, जलपाईगुड़ी के नागराकाटा में 13 सेंटीमीटर, अलीपुरद्वार के रायडक चाय बागान में 12 सेंटीमीटर, अलीपुरद्वार के बक्साद्वार में 11 सेंटीमीटर और जलपाईगुड़ी के मयनागुड़ी में 10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य की राजधानी कोलकाता में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में