इम्तियाज अली और दिलजीत दोसांझ ने ‘क्या कमाल है’ का विशेष वीडियो किया जारी

इम्तियाज अली और दिलजीत दोसांझ ने 'क्या कमाल है' का विशेष वीडियो किया जारी

इम्तियाज अली और दिलजीत दोसांझ ने ‘क्या कमाल है’ का विशेष वीडियो किया जारी
Modified Date: June 10, 2026 / 08:24 pm IST
Published Date: June 10, 2026 8:24 pm IST

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) घर छिन जाने का दर्द, बिछोह और उम्मीद की आखिरी किरण – इन्हीं भावनाओं को समर्पित करते हुए निर्देशक इम्तियाज अली और दिलजीत दोसांझ ने बुधवार को गीत ‘‘क्या कमाल है’’ का एक विशेष वीडियो जारी किया जो फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के अंत में सुनाई देगा।

अली ने कहा कि वह चाहते हैं कि दर्शक फिल्म खत्म होने के बाद भी सीट पर बैठे रहें और ‘क्रेडिट्स’ के साथ यह वीडियो जरूर देखें।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारे चारों तरफ हिंसा, तबाही, हत्या और जबरन पलायन हो रहा है। यह गाना और वीडियो उन लोगों को समर्पित है जो रोज यह झेल रहे हैं। यह उन रोते हुए दिलों को सुकून देने की कोशिश है और तमाम इंसानियत के साथ एकजुटता का इजहार है, चाहे वे किसी भी क्षेत्र के हों।’’

निर्देशक ने कहा, ‘‘यह खुद हमसे और पूरी दुनिया से इस मुश्किल घड़ी में प्रेम, करुणा और सकारात्मकता बनाए रखने की अपील है। हमारे उपमहाद्वीप ने विभाजन की हिंसा के विनाशकारी परिणामों को करीब से देखा है। ऐसे में हमें दुनिया तक यह संदेश पहुंचाना चाहिए कि हिंसा कभी किसी समस्या का समाधान नहीं होती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह वीडियो फिल्म के अंत में, क्रेडिट्स के साथ दिखाया जाएगा। यह दर्शकों के लिए एक विशेष प्रस्तुति है और मैं उनसे आग्रह करूंगा कि वे अंत तक रुककर इसे जरूर देखें।’’

इस समय अपने ‘ऑरा टूर’ में व्यस्त दिलजीत दोसांझ ने भी फिल्म की भावना को सम्मान देने के लिए खास तौर पर समय निकालकर इस वीडियो की शूटिंग की। फिल्म की कहानी का एक हिस्सा भारत-विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह फिल्म इस शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘क्या कमाल है’ में दोसांझ, अली, संगीतकार ए.आर. रहमान और गीतकार इरशाद कामिल की चर्चित चौकड़ी एक बार फिर साथ आई है।

अली ने वीडियो में शामिल एक शरणार्थी के मार्मिक कथन का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अगर मुझे मौत और घर छोड़ने के बीच चुनाव करना होता, तो मैं खुशी से मौत को चुनता। दुर्भाग्य से, मेरे पास ऐसा कोई विकल्प नहीं था।’’

दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह अभिनीत ‘मैं वापस आऊंगा’ एक ऐसी प्रेम कहानी है जो दशकों के सफर में अतीत और वर्तमान को जोड़ती है। यादों के सहारे आगे बढ़ती यह कहानी उस मोहब्बत को परदे पर उतारती है, जिसे वक्त भी मिटा नहीं सका।

भाषा खारी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में