(तस्वीरों के साथ)
बेंगलुरु, छह मार्च (भाषा) कर्नाटक में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को यह कहते हुए ‘खाली चंबू’ विरोध प्रदर्शन किया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा प्रस्तुत बजट एक खाली बर्तन है, जिसमें जनता को देने के लिए कुछ भी नहीं है।
कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, विधानपरिषद सदस्य एन रविकुमार, विधायक अरविंद बेलाड और वी सुनील कुमार समेत पार्टी विधायकों ने ‘खाली चंबू’ (खाली बर्तन) लेकर विधान सौध परिसर में मार्च निकाला।
बजट की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने ‘सिद्धरमैया का बजट खाली चंबू है’ जैसे नारे लगाए।
अशोक ने यहां पत्रकारों कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार उधार के पैसे पर विलासितापूर्ण जीवन जीने के दर्शन में विश्वास करती है।
उन्होंने कहा,“यह बजट नीरस है। इसमें कोई नई परियोजना नहीं है। एकमात्र नई परियोजना है और वह है और अधिक कर्ज लेना।”
अशोक ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य ने जनता पर 4.39 लाख करोड़ रुपये का कर्ज और चढ़ा दिया है।
भाजपा नेता ने कहा कि आने वाली सरकारें मूलधन तो दूर, ब्याज भी चुकाने में सक्षम नहीं होंगी और राजकोषीय घाटा 97,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अशोक ने आरोप लगाया, ‘‘अगर सिद्धरमैया अगले दो साल तक मुख्यमंत्री बने रहते हैं, तो हमारा कर्ज 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। उनकी सरकार का कर्ज पिछले सभी मुख्यमंत्रियों की तुलना में 10 गुना अधिक है।’’
उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में नई सिंचाई परियोजनाओं, गड्ढों और कचरा संकट का कोई जिक्र नहीं है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव