सिक्किम में एसआईआर के बाद मतदाता सूची से 11 फीसदी मतदाताओं के नाम हटाये गये
सिक्किम में एसआईआर के बाद मतदाता सूची से 11 फीसदी मतदाताओं के नाम हटाये गये
गंगटोक, छह सितंबर (भाषा) सिक्किम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से कुल 52,551 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए, जिससे मतदाताओं की कुल संख्या में लगभग 11.16 प्रतिशत की कमी आई। रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि अंतिम मतदाता सूची में 4,18,467 पात्र मतदाता हैं, जबकि एसआईआर से पहले की मतदाता सूची में इनकी संख्या 4,71,018 थी।
जुलाई में जारी मसौदा मतदाता सूची में 4,33,294 मतदाता थे। इनमें से 3,61,159 (यानी 83.35 प्रतिशत) मतदाताओं का पिछली सूची या पिछली एसआईआर से उनके या उनके माता-पिता के मतदाता विवरण के साथ सफलतापूर्वक मिलान हो गया।
शेष 72,135 मतदाताओं (16.65 प्रतिशत) का मिलान नहीं हो सका।
जिन मतदाताओं का पिछली संबंधित सूची से मिलान किया गया, उनमें से 52,384 में निर्वाचन आयोग के आईटी तंत्र ने ‘तार्किक विसंगतियां’ पायीं।
बयान में कहा गया है कि कुल 1,24,519 मतदाताओं को सुनवाई के लिए पेश होने और अपनी पात्रता साबित करने के लिए नोटिस जारी किए गए। उनमें बिना मिलान वाले और तार्किक विसंगति वाली श्रेणियों के मतदाता हैं।
सीईओ कार्यालय ने बताया कि सुनवाई और सत्यापन के बाद 16,485 मतदाता अयोग्य पाए गए।
इस तरह, दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान कुल 16,809 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए।
बाद में, दावे और आपत्तियों के बाद कुल 1,982 मतदाताओं के नाम को अंतिम मतदाता सूची में फिर से जोड़ा गया, जिससे मतदाताओं की कुल संख्या मसौदा सूची के 4,33,294 से बदलकर 4,18,467 हो गई।
अंतिम मतदाता सूची में 2,12,534 पुरुष, 2,05,931 महिलाएं और तृतीय लिंग के दो व्यक्ति शामिल हैं।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


