नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) राज्यसभा में बुधवार को भाजपा सांसद संजय भाटिया ने हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाये जाने का स्वागत करते हुए मांग की कि इस सेवा का विस्तार करते हुए राज्य के पानीपत, रोहतक एवं हिसार को भी इससे जोड़ा जाना चाहिए।
शून्यकाल में भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय भाटिया ने यह मांग उठाते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहते हैं कि उन्होंने हिंदुस्तान एवं एशिया की पहली और दुनिया की सबसे लम्बी हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत हरियाणा की धरती से की।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पल का साक्षी होने का सौभाग्य उन्हें भी प्राप्त हुआ और इस ट्रेन की शुरुआत जींद से हुई। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा देश का पहला हाइड्रोजन रेल राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भाटिया ने एक हरियाणी कहावत को उद्धृत करते हुए कहा कि ’’काम इसा करो कि दुनिया देखती रह जावे’’। उन्होंने कहा कि आज भारत ने वही करके दिखाया तथा जो तकनीक दुनिया के चंद देशों तक सीमित थी, आज वह भारत की धरती पर दौड़ रही है।
उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया कि इस ऐतिहासिक पहल का विस्तार करते हुए पानीपत, रोहतक के रास्ते जींद तक इसे ले जाया जाए तथा हिसार में भी इसका विस्तार हो। उन्होंने कहा कि इससे इन शहरों के किसानों एवं मजदूरों को हरित एवं सस्ती सेवा का विकल्प मिल सकेगा।
भाषा माधव मनीषा
मनीषा