तमिलनाडु चुनावों में विजय की टीवीके पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं
तमिलनाडु चुनावों में विजय की टीवीके पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं
चेन्नई, पांच मई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को पछाड़ते हुए 108 सीट हासिल की। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस चुनाव में द्रमुक मात्र 59 सीट में ही जीत हासिल कर सकी। यहां विधानसभा चुनाव के तहत 23 अप्रैल को मतदान हुए थे और मतगणना कल हुई।
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने 47 सीट जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) को चार सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) को क्रमशः एक-एक सीट मिली।
द्रमुक के सहयोगी दलों में से कांग्रेस ने पांच सीट जीतीं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और वीसीके ने दो-दो सीट जीतीं तथा डीएमडीके को राज्य की कुल 234 विधानसभा सीट में से एक सीट मिली।
मतगणना चार मई को शुरू हुई और अंतिम परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए।
अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी टीवीके ने सोमवार को तमिलनाडु के चुनावी इतिहास में एक तरह का रिकॉर्ड बनाया और द्रमुक तथा उसके अध्यक्ष स्टालिन को उनके कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में करारी हार देकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, जबकि अन्नाद्रमुक तीसरे स्थान पर रही।
विजय ने पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की।
टीवीके ने अपने पहले चुनाव में लगभग 35 प्रतिशत (34.92) वोट हासिल किए।
तमिलनाडु में ऐसा पहली बार हुआ है जब अपनी स्थापना के दो साल से कुछ अधिक समय बाद ही कोई पार्टी सत्ता में आएगी। इस पार्टी की स्थापना फरवरी 2024 में हुई थी।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा

Facebook


